आगरा में उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल काॅरपाेरेशन (यूपीएमआरसी) ने सितंबर से आरबीएस कॉलेज स्टेशन तक मेट्रो के संचालन का समय तय किया है। ऐसे में ट्रैक बिछाने और फिनिशिंग का काम तेज कर दिया है। मेट्रो स्टेशनों पर पटरी बिछाई जा रही है। सिग्नलिंग का काम भी शुरू हो गया है। तीन महीने में चारों भूमिगत स्टेशन का काम पूरा हो जाएगा।
यूपीएमआरसी के उप महाप्रबंधक पंचानन मिश्रा ने बताया कि एसएन से मन:कामेश्वर स्टेशन तक के बीच सुरंग की खुदाई का काम पूरा हो गया है। अब आरबीएस से आगरा कॉलेज तक फिनिशिंग का काम चल रहा है। इसमें टनल वेल्डिंग मशीन ट्रैक बिछाने के लिए जाल बना रही है। ये पूरा होने पर कंक्रीट का आधार बनाया जाएगा और फिर उस कर पटरी लगाई जाएंगी। टनल वेंटिलेशन सिस्टम लगाए जा रहे हैं। इससे भूमिगत स्टेशन में शुद्ध हवा की मौजूदगी रहेगी।
उन्होंने बताया कि सिग्नल, टेलीकॉम, इलेक्ट्रॉनिक, कंट्रोल रूम, सीवेज सिस्टम का काम भी अलग-अलग टीम कर रही हैं। ये कार्य पूरा होने के बाद लिफ्ट और एक्सीलेटर लगाए जाएंगे। आरबीएस, राजा की मंडी और आगरा कॉलेज में ये काम ढाई महीने में पूरे जा जाएंगे। बिजलीघर के पास रेलवे ट्रैक के नीचे सुरंग बनाने के लिए एनओसी की देरी से एसएन से मन:कामेश्वर स्टेशन के बीच के काम में 3 महीने लगेंगे। इसके बाद मेट्रो रेल सेफ्टी कमिश्नर को निरीक्षण के लिए बुलाया जाएगा। इनकी एनओसी मिलने के बाद सितंबर में मेट्रो उद्घाटन के लिए तैयार हो जाएगी।