आगरा में डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय का 92वां दीक्षांत समारोह डिग्री और पदक वितरण तक सीमित नहीं रहेगा। सामाजिक सरोकारों से भी जुड़ा नजर आएगा। शताब्दी वर्ष में आयोजित दीक्षांत समारोह से पहले दीक्षोत्सव मनाया जाएगा। दीक्षांत समारोह पर पहली बार मां-बेटी सम्मेलन 3 अगस्त को ही खंदारी स्थित जयप्रकाश नारायण सभागार में आयोजित होगा।
समारोह की तैयारी पर मंगलवार को कुलपति सचिवालय पालीवाल पार्क परिसर में बैठक का आयोजन किया गया। कुलपति प्रो. आशु रानी ने दीक्षांत समारोह की तैयारियों की समीक्षा की। 3 अगस्त को स्वामी विवेकानंद परिसर (खंदारी) स्थित शिवाजी मंडपम में दीक्षांत समारोह आयोजित किया जाएगा। दीक्षोत्सव के तहत गांवों के विद्यार्थियों के लिए खेल, चित्रकला, निबंध, भाषण, देशभक्ति गीत, लोकनृत्य सहित कई प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी।