एटा। क्षेत्र के एक खंडहर नुमा मकान में संदिग्ध हालात में एक युवक की मौत हो गई। उसका शव बुधवार की सुबह फांसी के फंदे पर लटकता हुआ मिला। परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं। वहीं, युवक की हत्या प्रेम प्रसंग को लेकर होना बताया जा रहा है। समाचार लिखे जाने तक मामले की तहरीर नहीं दी गई थी।
गांव नगला गजपति निवासी गुरुदेव उर्फ चंद्रप्रकाश का शव गांव में एक ही खंडहर नुमा मकान में फांसी के फंदे से लटकने की खबर पिता को बुधवार की सुबह मिली। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव को उतार कर पुलिस को सूचना दी। मृतक के भाई कुलदीप ने बताया कि गुरुदेव का प्रेम प्रसंग गांव की ही एक महिला से करीब चार-पांच साल से चल रहा है। महिला का गांव में खंडहर नुमा दूसरा मकान भी है।
उसने आशंका जताई है कि गुरुदेव की प्रेम प्रसंग के चलते हत्या की गई है। कुलदीप का आरोप है कि उसका भाई गांव में बने पैतृक देवी मंदिर पर रहता था। यदि उसको आत्महत्या करनी होती तो वह मंदिर अथवा किसी भी पेड़ पर लटक कर जान दे सकता था। प्रभारी निरीक्षक सतपाल सिंह भाटी ने बताया है कि फंदे से परिजनों ने युवक को उतार लिया था, पोस्टमार्टम कराया गया है रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। परिजन अगर तहरीर देते हैं उसके आधार पर जांच की जाएगी।