आगरा। भीषण गर्मी और लू के कारण मंगलवार सीजन का सबसे गर्म दिन रहा। शहर का अधिकतम तापमान 46.5 डिग्री सेल्सियस रिकाॅर्ड किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान भी 27.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जिससे रात के समय भी लोगों को उमस और तपिश से राहत नहीं मिली। दोपहर में सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा और लोग घरों में कैद रहे। माैसम विज्ञान विभाग ने अगले पांच दिन तेज भीषण लू चलने और तापमान में बढ़ोतरी का अनुमान जताया है।
भीषण गर्मी के कारण मंगलवार को दिनभर व्यस्त रहने वाले रुई की मंडी और शाहगंज जैसे बाजार भी सूने दिखाई दिए। हाईवे पर दोपहर में सन्नाटा पसरा रहा। हालांकि, शाम होने पर बाजारों में राैनक लाैटी। घरों से बाहर निकले लोग खुद को गर्मी से बचाने के लिए गमछे का सहारा लेते और छाता लगाए दिखे।
वहीं लू की चपेट में आकर ताजमहल देखने मंगलवार को आए छह सैलानियों की तबीयत खराब हो गई। ताज के पश्चिमी गेट पार्किंग स्थित पर्यटक सुविधा केंद्र पर मौजूद डॉक्टर रिंकू बघेल ने सभी मरीजों को जरूरी दवाई और ओआरएस का घोल पिलाया। मध्य प्रदेश की 36 वर्षीय वर्षा अमित सालुंखे को उल्टी, जालौन के गोलू कुशवाहा को उल्टी, ऊदल सिंह को दस्त, महाराजगंज के निर्मल तिवारी को बुखार, मध्य प्रदेश की शाहजहां सिद्दीकी को उल्टी व चक्कर आने की शिकायत थी। गुजरात के पांच वर्षीय बच्चे शिव को भी तेज बुखार था, जिसे एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
सेल्स मैनेजर की माैत, परिजन ने लू लगने की जताई आशंका
सोमवार को कुबेरपुर कट पर बस का इंतजार कर रहे साउथ दिल्ली निवासी विनोद कुमार शर्मा (49) की मौत हो गई। मंगलवार को पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई के बाद शव परिजन के सुपुर्द कर दिया। परिजन ने बताया कि विनोद अजमेर की एक मसाला फैक्टरी में सेल्स मैनेजर थे। सोमवार सुबह अजमेर से कानपुर जाने के लिए निकले थे। दोपहर तीन बजे कुबेरपुर कट पर कानपुर की बस का इंतजार कर रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पसीने से लथपथ अवस्था में वह एक खोखे के बाहर रखे तख्त पर बैठे और सीने पर हाथ रख लिया और उनकी माैत हो गई। लोगों ने थाना एत्मादपुर को सूचना दी। पुलिस ने आधार कार्ड से उनकी शिनाख्त की। मंगलवार को पत्नी नेहा और उनके रिश्तेदार पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। रिश्तेदार हाथरस निवासी बृजेश कुमार व साथ आई अन्य महिलाओं ने गर्मी में लू लगने से विनोद कुमार की मौत होने की आशंका जताई। पत्नी ने पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया। नेहा ने बताया कि पति की कुछ दिनाें से तबीयत खराब थी।
रिकॉर्ड तोड़ने के करीब पहुंचा तापमान
मई में सबसे गर्म दिन के रूप में 27 मई 1998 का दिन दर्ज है, जब तापमान 48.6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया था। इसके बाद 31 मई 1994 को अधिकतम तापमान 48.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। दो साल पहले भी 20 मई 2024 को तापमान 47.7 डिग्री तक पहुंच चुका है। दो साल पहले करीब एक सप्ताह तक मई में आगरा में तापमान 46 से 47 डिग्री के बीच बना रहा था। इस बार भी इस सप्ताह तापमान 47 डिग्री के पार पहुंच जाने के आसार हैं।