तीन दिनी इंटरनेशनल फुटवियर फेयर का समापन
- फोटो : अमर उजाला
तीन दिन चले इंटरनेशनल फुटवियर फेयर मीट एट आगरा के 13वें संस्करण में चार हजार करोड़ रुपये के कारोबार का रास्ता खुला, वहीं 12500 से ज्यादा विजिटर पहुंचे। आगरा ट्रेड सेंटर, सींगना में आयोजित किए गए मीट एट आगरा के समापन पर आयोजक एफमेक ने अगले साल 30 अक्तूबर से एक नवंबर के बीच 14वां संस्करण लगाने की घोषणा की।
शुक्रवार से रविवार तक तीन दिन चले इंटरनेशनल लेदर, फुटवियर, कंपोनेंट, मशीनरी फेयर मीट एट आगरा में दस देशों की 150 कंपनियों ने हिस्सा लिया। समापन पर एफमेक अध्यक्ष पूरन डावर ने बताया कि तीनों दिन में कुल 4 हजार करोड़ रुपये के कारोबार की नींव रखी गई। विंटर सीजन के सैंपल इस फेयर से शुरू हुए। 12500 विजिटर यहां आए और बिजनेस विजिटर्स की संख्या 5527 रही।
एफमेक ने समापन पर फुटवियर डिजाइन फेयर भी लगाने की घोषणा की। समापन सत्र का संचालन राजेश सहगल व माला खेड़ा ने किया। इस दौरान उपाध्यक्ष गोपाल गुप्ता, संयोजक कैप्टन एएस राणा, राजीव वासन, दिलीप मित्तल, अशोक अरोड़ा, सीएफटीआई निदेशक सनातन साहू, जेएस खेड़ा, शारदा ग्रुप चेयरमैन वाई के गुप्ता आदि मौजूद रहे।
सर्वश्रेष्ठ स्टॉल किए गए पुरस्कृत
मीट एट आगरा में 225 स्टॉल में सर्वश्रेष्ठ चार स्टॉल पुरस्कृत किए गए। इनमें इटली की स्मार्ट एडहेसिव बोस्टिक और जर्मनी की इंसोल सीट टैक्सोन के डिस्ट्रीब्यूटर श्रॉफ ग्रुप, शू फिनिशिंग केमिकल्स बायो सेंट्रो के डिस्ट्रीब्यूटर एसएस सेल्स कॉरपोरेशन, शू एसेसरीज एंड कंपोनेंट्स के विक्रेता एसके सेल्स कॉरपोरेशन और फिनिश्ड लेदर के विक्रेता एमआर लेदर्स को पुरस्कृत किया गया। बेस्ट कंपोनेंट प्रोड्यूसर में वर्सेटाइल इंडस्ट्रीज को प्रथम, केंडा फॉर्मिंग को द्वितीय और इमेजिंग फाइबर्स को तृतीय पुरस्कार दिया गया।
मेक इन इंडिया की दिखाई दी धमक
मीट एट आगरा में मेक इन इंडिया की धमक दिखाई दी। भारतीय कंपोनेंट निर्माताओं ने इटली और चीन की कंपनियों की प्रतिस्पर्धा में कंपोनेंट प्रदर्शित किए, जिन्हें अब तक आयात किया जा रहा था।
इमेजिंग फाइबर्स के विनोद सीतलानी ने शू के इनसोल की फाइबर शीट प्रदर्शित की, जो चीन से आयात होती थी। मेक इन इंडिया के तहत जयपुर में इकाई लगाई गई है। इसी तरह बल्क वेस्ट जनरेटर के लिए गीले कचरे से खाद बनाने की प्रोसेसिंग मशीन फेयर में पेश की गई। जूता इकाइयों में कारीगरों के लिए मेस और कैंटीन को देखते हुए मीट एट आगरा में इसे प्रदर्शित किया गया।