शहर के नामचीन दवा व्यवसायी जो एक राष्ट्रीय पार्टी के प्रमुख नेता भी हैं, ने गत दिवस बैंक में काम करने वाली एक युवती से दुष्कर्म का प्रयास किया। उसने यह आरोप लगाते हुए रविवार को थाना हरीपर्वत में तहरीर दी है। गाहे-बगाहे अपनी हरकतों से चर्चा में रहने वाले नेता पर इतना संगीन इल्जाम भी लग सकता है, इससे जानने वाले सकते में हैं। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है।
न्यू आगरा क्षेत्र की युवती एक निजी बैंक में कार्यरत है। वह अपने नाना के साथ रहती है। नाना बीमार रहते हैं। उनके लिए बाग फरजाना स्थित मेडिकल स्टोर से दवाइयां आती हैं। यह दुकान शहर के नामचीन दवा व्यवसायी का है। सोमवार की शाम युवती के नाना को इंजेक्शन लगना था। किसी इंजेक्शन लगा देने वाले व्यक्ति की जरूरत पर युवती ने मेडिकल स्टोर पर फोन कर मदद मांगी। उसे बताया गया कि दुकान का कर्मचारी जाकर इंजेक्शन लगा आएगा बशर्ते वह उसे आकर साथ ले जाए।
इंजेशक्शन लगना जरूरी था सो युवती अपनी कार से दुकान पर पहुंची। उस वक्त वहां व्यवसायी नेताजी भी बैठे थे। युवती ने उनसे कर्मचारी को भेजने को कहा तो वह खुद ही उसके साथ इंजेक्शन लगाने चल पड़े। उनके इरादे भांप न पाई युवती के मुताबिक इसे उसने उनकी भलमनसाहत ही समझा। उन्हें कार में बैठा लिया। आरोप है कि रास्ते में व्यवसायी ने अचानक उसके साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। जबर्दस्ती करने लगा। कभी हाथ पकड़ता तो कभी अपनी ओर खींचता। रेप की आशंका में घबराई युवती ने कार रोक दी और शोर मचाना शुरू कर दिया। इस पर व्यवसायी कार से उतर कर फरार हो गया।
व्यवसायी की इस हरकत से घबराई युवती किसी तरह घर पहुंची। रविवार को उसने एसपी सिटी से शिकायत की। इसके बाद थाना हरीपर्वत में तहरीर ली गई। सीओ हरीपर्वत अशोक कुमार सिंह का कहना है कि युवती दवा लेने मेडिकल स्टोर पर गई थी। उसके आरोपों की जांच की जा रही है। जांच के बाद मुकदमा दर्ज कर लिया जाएगा।
विवादों से नेता का पुराना नाता
यह नेता व व्यवसायी अपने क्रियाकलापों से अक्सर चर्चा में रहता है। दो साल पहले गम के त्योहार पर बधाई संदेश के होर्डिंग लगवा दिए। इसको लेकर एक वर्ग विशेष के लोगों ने खूब हंगामा किया। किसी तरह मामला शांत हुआ। जमीन की खरीद-फरोख्त में भी वह विवाद में घिरा। कुछ में तो पुलिस जांच भी चल कर रही है। तीन साल पहले उसके बेटे का कार पार्किंग पर दूसरे वर्ग के लोगों से विवाद हुआ। तब इनके भी भिड़ जाने से भारी बवाल हुआ।