गोदाम से बरामद हुईं दवाइयां और गर्भपात किट
- फोटो : अमर उजाला
गर्भपात किट की बिक्री के मामले में पुलिस और ड्रग विभाग के रडार पर 25 मेडिकल स्टोर और 35 झोलाछाप आ गए हैं। ये आगरा, फिरोजाबाद, भरतपुर, धौलपुर के हैं। इनके अलावा राजस्थान के भरतपुर और धौलपुर के चार अस्पतालों के नाम भी तस्कर पंकज गुप्ता के घर मिले बिलों में दर्ज हैं।
एसएसपी बबलू कुमार ने बताया कि यह बड़ा रैकेट है। बड़ी संख्या में उन लोगों के नाम मिले हैं जो गर्भपात किटों को खरीद रहे थे। इनमें झोलाछाप के क्लीनिक और मेडिकल स्टोर भी हैं। इनके खिलाफ साक्ष्य जुटाकर कार्रवाई की जाएगी।
संबंधित खबर- NCB की जांच में खुलासा: नौ राज्यों में फैला है नशे का कारोबार, विदेशों से भी जुड़े 'आगरा गैंग' के तार
उधर ड्रग विभाग के अधिकारियों ने बताया कि ताजनगरी में भ्रूण लिंग परीक्षण अभी भी किया जा रहा है। यमुनापार के कई केंद्रों का नाम राजस्थान पुलिस की जांच में सामने आया है। इन केंद्रों से ही उन झोलाछाप का नाम दिया जाता है जो गर्भपात करते हैं।
ये झोलाछाप गर्भपात किट खरीदते हैं। इन्हें ये किट मेडिकल स्टोरों से बेची जाती है। पंकज गुप्ता के घर में मिले अवैध किट बिक्री के बिलों में कानपुर के मेडिकल स्टोरों के नाम भी हैं। इन सभी के बारे में पड़ताल की जा रही है।