आगरा। एसएन मेडिकल कालेज में रैगिंग के मामले में सोमवार को नया मोड़ आ गया। छात्र ने थाने पहुंचकर अपनी शिकायत वापस लेने के लिए प्रार्थनापत्र दिया। लिखा कि उनका आरोपी पक्ष से समझाैता हो गया है। अब पुलिस फाइनल रिपोर्ट लगाने की तैयारी कर रही है। उधर, काॅलेज के प्रॉक्टोरियल बोर्ड की जांच चल रही है। इसके आधार पर काॅलेज प्रशासन कार्रवाई करेगा।
हाथरस के गांव खजुरिया निवासी रामकुमार एमबीबीएस तृतीय वर्ष के छात्र हैं। 1 जनवरी को वो गाड़ी लेकर हाॅस्टल आए थे। उन्होंने आरोप लगाया था कि सीनियर छात्र सूरज चाैधरी, गाैतम, रितुराज और विवेक ने रोक लिया। गाड़ी में लेकर चलने का दबाव बनाया। विरोध पर पिटाई की। उन्होंने अपने भाई लखन को बुलाया। उन्हें भी आरोपी छात्रों ने पीटा। इस मामले में शिकायत पर थाना एमएम गेट पुलिस ने चार छात्रों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी।
उधर, काॅलेज प्रशासन ने भी जांच शुरू कर दी थी। डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास ने बताया कि सोमवार को पीड़ित छात्र थाना एमएम गेट पहुंचा। लिखकर दिया है कि उनका समझाैता हो गया है। वह किसी तरह की कार्रवाई नहीं चाहता है। इस पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
दूसरी ओर एसएन मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता ने बताया कि मेडिकल छात्रों में मारपीट मामले में समझौता हो गया है। कॉलेज की प्रॉक्टोरियल बोर्ड की जांच अभी चल रही है। इसमें आरोपी छात्रों के बयान दर्ज किए गए हैं। हॉस्टल प्रभारी भी जांच कर रहे हैं, जिसमें बाहरी छात्र हॉस्टल में कैसे आए। रिपोर्ट आने के बाद कॉलेज स्तर पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।