फिरोजाबाद में एमबीबीएस के छात्र ने मेडिकल कॉलेज परिसर में बने हॉस्टल के कमरे में आत्महत्या कर ली। शुक्रवार दोपहर को उसका शव फंदे से लटका मिला। छात्र की मौत से मेडिकल कॉलेज के छात्रों में आक्रोश फैल गई। आक्रोशित छात्रों ने अस्पताल के अंदर जमकर हंगामा किया। मेडिकल छात्रों ने कॉलेज प्राचार्या, वार्डन तथा अन्य स्टाफ पर उत्पीड़न व अवैध वसूली का आरोप लगाया। दो घंटे तक नेशनल हाईवे को जाम रखा। एसपी सिटी के समझाने पर छात्र हाईवे से हटे। इसके बाद जाम खुल सका।
उत्तर क्षेत्र के मोहल्ला कौशल्या नगर निवासी शैलेंद्र शंखवार (24) मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस प्रथम वर्ष का छात्र था। सुबह दस बजे से उसका फिजियोलॉजी का पेपर था। शैलेंद्र अपने साथी गुलाब के साथ हॉस्टल के रुम में 215 में रहता था। गुलाब ने शैलेंद्र से पेपर देने को चलने को कहा। शैलेंद्र ने गुलाब से पांच मिनट बाद आने की बात कही थी। इसके बाद गुलाब पेपर देने के लिए चला गया।