गीला, सूखा और संक्रमित कूड़ा अलग-अलग रखने के लिए आगरा नगर निगम की ओर से दिए जा रहे तीन रंगों के डस्टबिन के लिए अब 480 रुपये नहीं वसूले जाएंगे। मेयर नवीन जैन ने शहर में हर घर, दुकान, प्रतिष्ठान को लाल, हरे और नीले रंग के डस्टबिन निशुल्क देने की घोषणा की है।
नगर आयुक्त ने तीनों डस्टबिन 480 रुपये में देने का आदेश दिया था, जिसे मेयर ने पलट दिया। 20 मार्च से हर वार्ड में डस्टबिन दिए जाएंगे, लेकिन इसके लिए हाउस टैक्स की रसीद दिखानी होगी। अमर उजाला ने 14 करोड़ रुपये से मंगवाए गए इन डस्टबिन के गोदाम में रखकर कबाड़ होने की खबर प्रकाशित की थी।
पार्षद की मदद से कैंप में होगा वितरण
मेयर ने बताया कि हर वार्ड में पार्षद और सेनेटरी इंस्पेक्टर के साथ कैंप लगाकर डस्टबिन का वितरण होगा। गीला, सूखा कचरा अलग-अलग करने के लिए ये डस्टबिन हर घर में नि:शुल्क बांटे जाएंगे। हाउस टैक्स की रसीद दिखाकर यह डस्टबिन लिए जा सकते हैं।
नगर आयुक्त अरुण प्रकाश ने बताया कि 20 मार्च से वितरण शुरू कर दिया जाएगा। लोग एक अप्रैल से 31 अगस्त के बीच अपना हाउस टैक्स जमाकर 10 फीसदी छूट पा सकते हैं।