डेढ़ साल से भुगतान न होने पर एमबीबीआर प्लांट का संचालन कर रही कंपनी त्रिवेणी ने अब हाथ खड़े कर दिए हैं। ऐसे में इस प्लांट से जुड़े आधे शहर में जलसंकट गहरा सकता है। कंपनी ने डीएम को पत्र लिखकर प्लांट संचालन में आ रही अड़चनों से अवगत कराया है। साथ ही आर्थिक तंगी की वजह से सिर्फ छह दिन और प्लांट संचालन की बात कही है।
बता दें कि सिकंदरा स्थित एमबीबीआर प्लांट से आधे शहर को पानी की सप्लाई होती है। इसका संचालन त्रिवेणी कंपनी करती है मगर, नगर निगम और जलकल के बीच विवाद की वजह से कंपनी का पिछले डेढ़ साल से लगभग 14 करोड़ रुपये अटका हुआ है। ऐसी परिस्थिति में कंपनी के सामने प्लांट के संचालन में अड़चन आ रही है। कंपनी ने डीएम को लिखे पत्र में कहा कि लंबे समय से वे जलकल से भुगतान के लिए कह रहे हैं लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई है। अब तक किसी तरह से प्लांट को संचालित करते रहे लेकिन आगे मुश्किल खड़ी होगी। बता दें कि इस प्लांट से आवास विकास, लॉयर्स कालोनी, सूर्य नगर, लोहामंडी, जगदीशपुरा, बोदला, पांडव नगर, मारुति एस्टेट, विनय नगर, अलबतिया आदि क्षेत्र जुड़े हुए हैं।