टूंडला-एटारोड पर खड़ा ट्रक, जिसमें मैक्स पिकअप मिड़ी
- फोटो : TUNDLA
टूंडला (फिरोजाबाद)। मंगलवार को सुबह आगरा से पटियाली दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालु टूंडला-एटा रोड पर हादसे का शिकार हो गए। श्रद्धालुओं की मैक्स पिकअप पचोखरा के निकट खड़े ट्रक से जा टकराई। हादसे में चालक सहित नौ श्रद्धालु घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी को एंबुलेंस से उपचार के लिए भिजवाया है। हादसा मैक्स चालक को झपकी लगने के कारण हुआ।
मंगलवार सुबह 10 बजे मैक्स पिकअप गाड़ी से आगरा से श्रद्धालुओं को लेकर पटियाली जिला कासगंज जा रही थी। एटा रोड पर थाना पचोखरा के गांव नगला दल के निकट सड़क किनारे खड़े खराब खड़े ट्रक में गाड़ी घुस गयी। हादसा होने पर आसपास के लोग एकत्रित हो गए। घायलों को मैक्स पिकअप से बाहर निकाला।
थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गयी। पुलिस ने हादसे में घायल मैक्स चालक सत्यनारायण निवासी हरलाल की गढ़ी थाना मलपुरा जिला आगरा सहित सरमन सिंह, विक्रम सिंह बिज्जू, मंगोदेवी, भगवान देवी, मुन्नी देवी, ममता एवं गुड़िया, मुन्नीदेवी को अस्पताल भिजवाया। घायलों ने बताया कि चालक को नींद की झपकी आने से हादसा हुआ है। थानाध्यक्ष रविंद्र सिंह का कहना है कि घायलों को उपचार के लिए भेजा गया है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।