कुरावली। नगर में मंगलवार को खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने चेकिंग अभियान चलाकर खाद्य पदार्थ के रख रखाव के बारे में भी जानकारी ली। वहीं माउथ फ्रेशनर के नाम पर बिक रही तंबाकू का नमूना लेकर जांच के लिए राज्य प्रयोगशाला भेजा है।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी रामसुंदर पटेल के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारी डीके वर्मा और डॉ. राजीव कुमार ने चेकिंग की। नगर के सदर बाजार स्थित अमन ट्रेडर्स की दुकान पर निरीक्षण करते हुए दुकान पर माउथ फ्रेशनर के मिश्रण के नाम पर तंबाकू मिश्रित केसरिया बेची जा रही थी। इसका नमूना लेकर जांच के लिए भेजा गया है। इसके बाद टीम ने गल्ला मंडी स्थित रामदयाल एंड संस और राजेश ऑयल मिल के लाइसेंस चेक किए। इसके साथ ही जीटी रोड स्थित श्रीराम फूड आटा मिल पर पैकिंग में नियमों का पालन न करने पर नोटिस दिया। कार्रवाई से दुकानदारों में खलबली मच गई। कई दुकानदार अपनी दुकानें बंद कर भाग निकले। टीम ने सभी दुकानदारों को लाइसेंस लेकर नियमानुसार ही बिक्री करने के निर्देश दिए हैं।