मथुरा-वृंदावन में बंदरों की समस्या का जल्द निदान किया जाएगा। भाजपा सांसद हेमा मालिनी के प्रयास से मथुरा में सेमिनार का आयोजन होगा। इसमें देश-विदेश के वन्य जीव विशेषज्ञ एवं जन प्रतिनिधि स्थानीय लोग शामिल होंगे।
सांसद हेमा मालिनी के निर्देश पर वन विभाग ने मथुरा-वृंदावन में उत्पाती बंदरों से लोगों को होने वाली समस्या का निदान करने की कवायद शुरू कर दी है। समस्या के निदान के लिए ठोस कदम उठाने से पहले वन विभाग द्वारा मथुरा के वेटरनरी कॉलेज में 11 नवंबर को सेमिनार का आयोजन किया जाएगा।
सेमिनार में सांसद हेमा मालिनी, प्रदेश के ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा, देश के विभिन्न राज्यों एवं विदेशों से वन्य जीव विशेषज्ञ, वनाधिकारी एवं स्थानीय लोग शामिल होंगे। सेमिनार में बंदरों के उत्पात से होने वाले नुकसान, उनके हिंसक होने व उनकी तेजी से बढ़ती संख्या पर नियंत्रण करने को लेकर विचार विमर्श किया जाएगा।
मथुरा-वृंदावन में करीब 21 हजार से अधिक बंदर हैं। वन दरोगा ओपी शर्मा ने बताया कि बंदरों की समस्या के निदान के लिए मथुरा के वेटरनरी कॉलेज में सेमिनार का आयोजन होगा। इसमें 250 लोगों के शामिल होने की संभावना है। वन्य जीव विशेषज्ञ इनकी बढ़ती संख्या को नियंत्रित करने पर राय देंगे। इसके बाद ही उच्चाधिकारी निर्णय लेंगे।