मथुरा में गोरखपुर के एक अभ्यर्थी के स्थान पर एलटी ग्रेड शिक्षक भर्ती की परीक्षा दे रहा सॉल्वर एसटीएफ ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार युवक बिहार का रहने वाला है।
उसके पास से फर्जी आधार कार्ड और उत्तर पुस्तिका बरामद हुई है। यह सॉल्वर पूर्व में हाईकोर्ट की पोस्ट ग्रेड परीक्षा में भी पकड़ा जा चुका है। पूछताछ में सॉल्वर ने बड़ा खुलासा किया है।
एसटीएफ को भनक लगी कि सॉल्वर गैंग का एक सदस्य कृष्णानगर में जैन चौरासी इंटर कालेज में परीक्षा दे रहा है। एसटीएफ की टीम ने सॉल्वर गैंग के सदस्य को पकड़ लिया।
बिहार का रहने वाला है सॉल्वर
एसटीएफ के सीओ श्यामकांत ने बताया कि पकड़ा गया सॉल्वर बिहार के खेरा के गांव चौगांडी निवासी मृत्युजंय कुमार पुत्र गणेश सिंह है। यह सॉल्वर गोरखपुर के हरिगणेश यादव के स्थान पर परीक्षा दे रहा था।
इसके कब्जे से असली आधार कार्ड, फर्जी आधार कार्ड (जिस पर फोटो सॉल्वर का लगा था और नाम परीक्षार्थी हरिगणेश था), मोबाइल, अंकतालिका और उत्तर पुस्तिका बरामद की हैं।
सीओ ने बताया कि फर्जीवाडे़ के अलावा परीक्षा अधिनियम के तहत कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया गया है। यह सॉल्वर पूर्व में हाईकोर्ट की पोस्ट ग्रेड परीक्षा में दबोचा जा चुका है।
आधार कार्ड और फोटो पहचान पत्र फर्जी बनवाए
एलटी शिक्षक भर्ती परीक्षा का प्रश्नपत्र हल करने के लिए 12 सॉल्वर उत्तर प्रदेश में पहुंचे थे। इन सभी को बिहार से लखनऊ तक फ्लाइट से बुलाया गया और लखनऊ से संबंधित जिलों के लिए गाड़ियों से भेजा गया।
ठहरने के लिए बढ़िया होटल की व्यवस्था की गई थी। इनमें से कुछ कड़ी सुरक्षा को देखकर वापस बुला लिए गए थे। मथुरा में पकड़े गए सॉल्वर ने इसका खुलासा किया है। उसके पास से भी फर्जी आधार कार्ड मिले हैं।
सीओ एसटीएफ श्यामकांत ने बताया कि पूछताछ में पता चला कि हर सॉल्वर को 20 से 25 हजार रुपए की रकम दी जाती है। सारी व्यवस्था गैंग के लोग करते हैं। जल्द ही कुछ और गिरफ्तारियां कर ली जाएंगी।