वृंदावन (मथुरा)। पीआरवी पर तैनात सिपाही द्वारा होमगार्ड के साथ मारपीट करने के मामले को एसएसपी ने गंभीरता से लिया है। इस मामले में आरोपी सिपाही को निलंबित कर दिया है।
गत दिवस होमगार्ड मनोज कुमार सारस्वत ने डायल 112 की पीआरवी पर तैनात नामजद सिपाही के अक्सर ड्यूटी से नदारद रहने की शिकायत डायल 112 के कंट्रोल रूम पर कर दी थी। शिकायत से बौखलाए सिपाही ने होमगार्ड के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट कर दी। पीड़ित के अनुसार सिपाही ने डंडे से हमला कर उसका सिर फोड़ दिया। खून से लथपथ हालत में थाने पहुंचे घायल को पुलिस ने जिला संयुक्त चिकित्सालय भेज दिया।
इसकी सूचना पीआरवी प्रभारी से की। इस घटना का संज्ञान लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने पीआरवी 4195 (टू व्हीलर) वृंदावन पर नियुक्त आरक्षी 2945 केशव कुमार को होमगार्ड मनोज कुमार के साथ मारपीट करने एवं अनुशासनहीनता पाए जाने पर तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश निर्गत किए।