वृंदावन (मथुरा)। लॉकडाउन में विद्युत बिल जमा करने के लिए उपभोक्ताओं की लंबी कतार लग रही हैं, लेकिन वृंदावन के उपभोक्ता सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं कर रहे हैं। यहां तक कि विद्युत अधिकारियों ने महिला-पुरुषों की लाइन की व्यवस्था को खत्म कर दिया है। इससे महिला-पुरुषों के एक साथ बिल जमा करने से सोशल डिस्टेंसिंग और खत्म हो रही है।
पिछले एक माह से लॉकडाउन है। लोग घरों में हैं, ऐसे में बिल भुगतान के अभाव में बिजली का कनेक्शन न काट दिया जाए, इस भय से विचलित उपभोक्ता बिल जमा करने वालों की लाइन में लग जाते हैं। बिजलीघर और अधिकारियों के कार्यालयों पर बने काउंटर पर बिल जमा करने पहुंच रही भीड़ को देखा जा सकता है। हालांकि ये उपभोक्ता सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं कर रहे हैं।
अधिकांश स्थानों पर एक ही काउंटर होने के कारण पुरुष और महिलाएं एक साथ बिल जमा कर रहे हैं। ऐसे में पुरुष के साथ महिला द्वारा बिल जमा करने से सोशल डिस्टेंसिंग पूरी तरह से खत्म हो रही है। एसडीओ गौरव शर्मा का कहना है कि लोगों से सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने की निरंतर अपील की जाती है।