मथुरा। वृंदावन स्थित श्रीबांकेबिहारी मंदिर में ठाकुरजी के दर्शन करतीं बैडमिंटन स्टार साइना न?
- फोटो : VRINDAVAN
वृंदावन (मथुरा)। बैडमिंटन खिलाड़ी साइना नेहवाल योग दिवस पर योगीराज भगवान श्रीकृष्ण की लीला स्थली वृंदावन पहुंचीं। यहां उन्होंने पति पी कश्यप के साथ श्रीबांकेबिहारी मंदिर और निधिवन में दर्शन किए। ठाकुरजी के दर्शन कर अभिभूत हुईं बैडमिंटन स्टार ने कान्हा की लीला स्थलियों को देखने के लिए फिर से यहां आने की जिज्ञासा प्रकट की।
सोमवार को आगरा से वृंदावन पहुंचीं ओलंपियार्ड साइना नेहवाल ने श्रीबांकेबिहारी मंदिर पहुंचकर दर्शन किए। यहां पति के साथ दीपक भी जलाया। विधिवत पूजन-अर्चन करते हुए मनौती मांगी। पूजन के साथ उन्होंने मंदिर परिसर की भव्यता को भी निहारा। इससे भावविभोर बैडमिंटन स्टार ने मंदिर प्रबंधक मुनीश शर्मा से इसके संदर्भ में जानकारी ली।
मंदिर प्रबंधक के आग्रह पर बैडमिंटन स्टार साइना नेहवाल श्रीबांकेबिहारी के प्राकट्य स्थल निधिवन राज पहुंचीं। यहां उन्होंने स्वामी हरिदास जी की साधना स्थली को देखा। यहां सेवायतों ने पूजन-अर्चन कराया। जिला पर्यटन अधिकारी डीके शर्मा ने उन्हें निधिवन से जुड़े तथ्यों से अवगत कराया। श्रीबांकेबिहारी मंदिर और निधिवन को देखकर आनंदित हुईं साइना नेहवाल ने एक बार फिर यहां आकर भगवान श्रीकृष्ण की लीला स्थलियों के दर्शन के साथ सूरदास के पदों से जुड़े स्थलों को देखने की अभिलाषा जाहिर की।