मथुरा में जमीन के एवज में एनआरआई से 1.08 करोड़ रुपये हड़पने का मामला प्रकाश में आया है। इसका आरोप एनआरआई ने पिता-पुत्र समेत तीन लोगों पर लगाया है। पीड़ित एनआरआई ने एसएसपी से गुहार लगाकर कार्रवाई की मांग की है। एसएसपी ने पीड़ित परिवार को आश्वासन दिया है।
नीदरलैंड के सुनील संजय कुमार खुशियाल ने एसएसपी बबलू कुमार को सौंपे शिकायती पत्र में 1.08 करोड़ रुपये हड़पने का आरोप लगाया है। यह आरोप इस्कॉन टेंपल में रहने वाले एक व्यक्ति, उसके दोस्त और पिता पर लगाया है।
आरोप है कि तीनों ने मिलकर जमीन की एवज में साल 2007 से 2010 तक बैंक खातों में 1.08 करोड़ रुपये लिए। यह धनराशि उनके और उनके बहनोई द्वारा दी गई। अबतक कोई जमीन नहीं दी गई। कई बार मांगने पर स्टैंर्ड चार्टर्ड बैंक के चेक दे दिए गए, जो बाउंस हो गए।
एसएसपी ने पीड़ित परिवार को आश्वस्त किया है। थाना गोविंदनगर प्रभारी निरीक्षक बैजनाथ सिंह ने बताया कि पीड़ित थाने आया था। पर मामला आला अफसरों के आदेश के बाद ही दर्ज होगा। अभी तक ऐसा कोई आदेश प्राप्त नहीं हुआ है।