कोसीकलां (मथुरा)। भारतीय नवसंवत्सर के पूर्व रविवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने पथ संचलन किया। पथ संचलन के माध्यम से अनुशासन, भारतीय संस्कृति से प्रेम, एकता और देश प्रेम का संदेश दिया। सफेद शर्ट, खाकी पैंट और काली टोपी और हाथों में लाठी लेकर संघ के सदस्यों ने कतारबद्ध होकर पूरे नगर का भ्रमण किया। इस दौरान ध्वज प्रणाम के साथ संघ के संस्थापक डॉ. केशव राव बलिराम हेडगेवार को भी स्वयंसेवकों ने प्रणाम किया।
रविवार को सुबह से ही इसकी तैयारी शुरू हो गई थी। सुबह आठ बजे स्वयंसेवी नगर के शेरगढ़ रोड एकत्र हुए। इसके बाद कतारबद्ध होकर पथ संचलन की शुरूआत की। सबसे आगे युवा बैंडबाजे पर धुन बजाते हुए चल रहे थे। सरस्वती शिशु मंदिर पहुंचकर समाप्त हो गया। बाद में हुई गोष्ठी में वर्ग कार्यवाह डॉ. अमर सिंह पौनियां ने स्वयंसेवकों को डॉ. हेडगेवार के बारे में विस्तार से बताया। शिवदयाल अग्रवाल, गोकुल चंद खंडेलवाल ने कहा कि संस्कृति को संजोए रखना सबसे बड़ी चुनौती है।
रामलीला संस्थान अध्यक्ष राहुल जैन कामियां, जिला कार्यवाह राकेश कुमार, विनय उपाध्याय, अनिल अग्रवाल, अजय ठाकुर, प्रचारक सुनील, नगर प्रचारक गोविंद, दयाशंकर अग्रवाल, प्रताप चंद अग्रवाल, डॉ. राकेश अग्रवाल, तरुण सेठ, हुकम सेठ, निर्भय पांडेय, पिंटू सैनी, अशोक सोनी, शंकर बंसल, नेमचंद गर्ग, भगवत गुप्ता, शेखर, हेमंत दीक्षित आदि थे।