वृंदावन (मथुरा)। समाजसेवियों के सहयोग से जिला प्रशासन द्वारा शुरू किया गया राशन किट वितरण के दौरान टीएफसी पर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। इससे अफरातफरी का माहौल पैदा हो गया। लोग खुद ही राशन किट लेकर भागने लगे। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई।
कोरोना कर्फ्यू के दौरान रोजगार से वंचित जरूरतमंद लोगों के लिए गत दिवस डीएम नवनीत चहल ने टीएफसी वृंदावन पर समाजसेवियों के सहयोग से राशन किट वितरण का शुभारंभ किया था। इसमें प्रत्येक दिन प्रात: 10 से 12 बजे तक जरूरतमंद लोगों को राशन किट प्राप्त करने के लिए कहा गया था। इस आह्वान पर रविवार को बड़ी संख्या में महिला बच्चे राशन पाने के लिए टीएफसी पहुंच गए।
भीड़ को देख राशन वितरण व्यवस्था में लगे लोगों के हाथपैर फूल गए। भीड़ के दबाव से अफरातफरी का माहौल बन गया। कुछ पार्षदों ने वितरण की पर्चियां अपने लोगों को दे दीं। वितरण की इस व्यवस्था से लोग आरोप लगाने लगे। इससे देखते ही देखते अफरातफरी के माहौल में लोग यहां रखी राशन किट को उठाकर भागने लगे। सूचना पर क्षेत्रीय पुलिस भी मौके पर पहुंच कर स्थिति को नियंत्रित किया। राशन का वितरण बंद कर दिया गया।
वितरण करा रहे सचिव अनंत शर्मा ने बताया कि अधिक संख्या में महिला पुरुष राशन किट लेने पहुंच गए थे। वे लाइन में भी लगने को तैयार नहीं थे। टीएफसी पर कर्मचारियों के अभाव में इस स्थिति को नियंत्रित नहीं किया जा सका। इस पर भीड़ में आए लोगों को रविवार वितरण के लिए रखे राशन किट को स्वयं ही उठा ले जाने के लिए लोगों से कह दिया गया।