कोसीकलां (मथुरा)। भारतीय स्टेट बैंक मुख्य शाखा से ढाई माह पूर्व 15 लाख रुपये गायब होने के मामले में पुलिस अभी तक कोई सुराग नहीं लगा पाई है। बुधवार को जांच अधिकारी ने बैंक पहुंचकर कर्मचारियों से पूछताछ की।
बताते चलें कि भारतीय स्टेट बैंक से 6 मार्च को 15 लाख रुपये गायब होने का मामला सामने आया था। बैंक कर्मियों ने मामले को दबाने का प्रयास किया, बाद में बैंक प्रबंधक शिखा जिंदल ने दो कर्मचारियों के खिलाफ गबन का मामला दर्ज कराया था। वहीं पुलिस ने प्राथमिक जांच में एक संदिग्ध युवक का स्क्रैच जारी कर सूचना देने वाले को 50 हजार का इनाम देने की भी घोषणा की थी।
इस मामले में ढाई माह बीतने के बाद भी पुलिस जांच में जुटी हैं। पुलिस के शक की सुई रिपोर्ट में नामजद कर्मचारियों के ईद-गिर्द घूम रही है, जबकि बैंक सूत्रों का कहना था कि रुपये गबन के मामले में बैंक के अन्य कर्मचारी भी शामिल है, लेकिन पुलिस का इस ओर कोई ध्यान नही है। जांच अधिकारी मनिंद्र सिंह ने बुधवार को बैंक पहुंचकर शाखा प्रबंधक समेत अन्य कर्मचारियों से पूछताछ की। इंस्पेक्टर प्रमोद पंवार का कहना है कि मामले का जल्द पर्दाफाश किया जाएगा। जांच टीम गहनता से जुटी है।