मथुरा में बलदेव क्षेत्र के गांव नगला सेहत में मंगलवार की तड़के एक किशोर की धारदार हथियारों से हत्या कर दी गई, जबकि उसकी दादी को बदमाशों ने अधमरा कर दिया। घटना की वजह साफ नहीं हो सकी है लेकिन परिवार वालों से जानकारी के बाद पुलिस ने दस लोगों को उठाया है। इस वारदात से ग्रामीणों में पुलिस के खिलाफ भारी गुस्सा है।
दिल दहला देने वाली यह वारदात नगला सेहत गांव के जंगल में कैलाश पुल के पास की है। सेहत गांव निवासी ओमप्रकाश ने खेत पर ही फसलों की देखभाल को झोंपड़ी बना रखी है। झोंपड़ी में ही भैंस भी बंधती हैं। सोमवार की रात को ओमप्रकाश की पत्नी केला देवी (60) नाती सचिन (15) पुत्र नवल किशोर के साथ सोई थीं।
मंगलवार की तड़के जब ओमप्रकाश झोंपड़ी में पहुंचा तो देखा कि सचिन का रक्तरंजित शव चारपाई पर पड़ा था जबकि पास में ही उसकी दादी केला देवी खून से लथपथ हालत में पड़ी थीं। ओमप्रकाश ने शोर मचा दिया। शोरशराबा सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। गंभीर घायल केला देवी को आगरा में भर्ती कराया है। पुलिस ने सचिन के शव का पोस्टमार्टम कराया।
पोस्टमार्टम में सचिन के सिर पर किसी धारदार हथियार से हमला किया गया है। इस घटना की वजह साफ नहीं हो सकी है। हालांकि ग्रामीण कह रहे हैं कि झोंपड़ी के पास ही गंगाजल परियोजना का काम चल रहा है। मजदूर काम करते रहते हैं। हो सकता है इनमें से किसी मजदूर ने वारदात को अंजाम दे दिया हो।