कोसीकलां (मथुरा)। खुले घूम रहे पशुओं के हमले और हादसों में लगातार लोग घायल हो रहे हैं। बुधवार को इन पशुओं के हमले से पांच लोग घायल हो गए। घायलों में एक महिला शामिल है।
मंगलवार की रात्रि में करीब साढ़े आठ बजे कुछ लोग मां भगवती के दर्शन को गए थे। दर्शन कर जैसे ही वह मंदिर से निकले तो पीछे से खुले घूम रहे पशु ने दर्शनार्थियों पर हमला बोल दिया। हमले में तांगडा मोहल्ला निवासी श्यामा मैथिल, भारत तिवारी, कमला एवं वार्ड सभासद की प्रतिनिधि लोकेश एवं एक अन्य दर्शनार्थी घायल हो गए। श्यामा मैथिल की हालत गंभीर बताई जा रही हैं।
लोगों का कहना है कि निराश्रित गोवंश आश्रय स्थलों में व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने और आवारा पशुओं से निजात दिलाने में नगर पालिका फेल है। आश्रय स्थलों की स्थिति दयनीय है और लगातार गोवंश मर रहे हैं। खुले घूम रहे पशु किसानों की फसल चौपट करने के साथ-साथ लगातार लोगों पर हमला भी कर रहे हैं।
खुले घूम रहे पशु काफी आक्रामक हैं और उन्हें पकड़ पाना आसान नहीं है। इन्हें पकड़कर आश्रय स्थल पर पहुंचाने की रणनीति बनाई जा रही है।
योगेंद्र शर्मा - कार्यवाहक ईओ