कोसीकलां। गांव नगला उटावड़ में नवनिर्वाचित प्रधान द्वारा प्रतिबंध के बावजूद जुलूस निकाला और प्रतिद्वंद्वी के सामने नारेबाजी करने के बाद बवाल हो गया। दोनों ओर से जमकर मारपीट और पथराव के साथ फायरिंग हुई। झगड़े में करीब सात लोग घायल हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और घायलों को भर्ती कराया।
ग्राम पंचायत नगला उटावड़ में मुफीद प्रधान पद पर विजयी हुईं। आरोप है कि मुफीद पक्ष के लोगों ने जीत के बाद सोमवार की दोपहर में प्रतिबंध के बावजूद प्रतिद्वंद्वी के घर के सामने से विजय जुलूस निकाला। वहां रुककर प्रतिद्वंद्वी जरजीत के घर के सामने नारेबाजी की। जिसका जरजीत पक्ष ने विरोध किया। इसी को लेकर वहां बवाल हो गया। जमकर मारपीट और लाठी-डंडे चले और पथराव हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जमकर फायरिंग हुई। सूचना के बाद इंस्पेक्टर प्रमोद पंवार फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और हालात पर काबू पाया। पुलिस को देखकर उपद्रवी फरार हो गए। लेकिन पुलिस ने मुफीद, ताहिर, अख्तर, शाहरुख, हारून, जमशेद, युसूफ, जावेद, इरशाद, साकिर, जुबैर को हिरासत में लिया है। घटना में सात लोग घायल हुए हैं।
घायलों के साथ आई महिला जरीना ने बताया कि मारपीट में अकबर, बस्सी, डम्बल, मुर्सिदा, समून, हयात, अकबर घायल हो गए। जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया है। गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है। इंस्पेक्टर प्रमोद पंवार ने बताया कि हालात काबू में हैं। पुलिस ने नवनिर्वाचित प्रधान मुफीद के अलावा ताहिर, अख्तर, शाहरुख, हारून, जमशेद, युसूफ, जावेद, इरशाद, साकिर, इमरान, करूयूम, राजू, अरसद, शाहिद, कंजर, वहीद, आजाद, हारिस, इस्ताक निवासी नगला उटावड एवं जुबैर, इस्ताक, शमशाद, साकिर, जमशेद, लियाकत, इरफान, इनूस, इब्राहिम, जमशद, लुकमान, लियाकत, मस्ता, कमरू, कासिम के खिलाफ बलवा, सात क्रिमिनल लॉ एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी की कार्रवाई शुरू कर दी है।