मथुरा। वृंदावन कुंभ मेला को लेकर अखिल भारतीय श्री पंच निर्मोही अनी अखाड़ा के संत वार्ता करते हुए?
- फोटो : VRINDAVAN
वृंदावन (मथुरा)। कुंभ मेला बैठक की व्यवस्थाओं को लेकर तीनों अनी अखाड़ों के श्रीमहंतों की नाराजगी को प्रशासन ने फिलहाल दूर कर दिया है। डीएम ने श्रीमहंतों को भरोसा दिया है कि उनकी इच्छा के अनुरूप ही मेला की व्यवस्थाएं जल्द पूरी होंगी।
डीएम नवनीत चहल ने फोन के माध्यम से श्रीमहंतों से बात की। बुधवार को दिगंबर अखाड़े के शिविर में मौजूद तीनों अनी अखाड़ों ने वृंदावन मेला की व्यवस्थाओं को लेकर नाराजगी जाहिर की थी। निर्वाणी अनी अखाड़े के राष्ट्रीय महामंत्री श्रीमहंत गौरीशंकर दास ने यहां तक कहा था कि यही हाल रहा तो ब्रज रज को माथे पर लगाकर वह यहां से चले जाएंगे। कुंभ में जो सुविधाएं अखाड़ों को मिलती हैं, उन्हें यहां नहीं दिया जा रहा है। अफसर उनसे मुलाकात भी नहीं कर रहे हैं। सबसे खराब स्थिति शौचालयों की है। टेंट भी नहीं लगाए।
इस मौके पर श्रीमहंत धर्मदास महाराज, महंत राजेंद्रदास महाराज आदि मौजूद रहे।
इधर, चेतन कुटी पर स्थानीय संतों की बैठक हुई। इसमें शामिल महंत रामस्वरूप दास महाराज ने मेला की व्यवस्थाओं पर संतोष जाहिर किया। कहा कि वृंदावन के इतिहास में यह पहली बार हो रहा है कि इस स्तर पर व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। इसका आयोजन का नाम कुंभ पूर्व वैष्णव बैठक करने के लिए महंत फूलडोल बिहारी दास और महंत हरिशंकर दास नागा ने मुख्यमंत्री को साधुवाद दिया।