वृंदावन (मथुरा)। कोरोना संक्रमण के इस दौर में कोरोना कर्फ्यू के चलते अक्षय तृतीया को एक बार फिर भक्त श्रीबांकेबिहारीजी के चरणों के दर्शन नहीं कर सकेंगे। वर्ष में सिर्फ एक बार बिहारीजी भक्तों को चरणों के दर्शन देते हैं, लेकिन कोरोना कर्फ्यू में मंदिर के दर्शन आम भक्तों के लिए फिलहाल बंद हैं।
श्रीबांकेबिहारी मंदिर की परंपरा के अनुसार प्रत्येक अक्षय तृतीया के दिन भक्त ठाकुरजी के चरणों के दर्शन करते हैं। लेकिन यह लगातार दूसरी बार ऐसा होने जा रहा है जब आम भक्त बिहारीजी के चरणों के दर्शन से वंचित रहेंगे।
इस बार 14 मई को अक्षय तृतीया है। प्रदेश सरकार ने 17 मई तक कोरोना कर्फ्यू घोषित कर दिया है। कोरोना कर्फ्यू नियमों के तहत मंदिर प्रबंधन ने आम भक्तों के लिए दर्शन प्रतिबंधित कर दिए हैं। इस दौरान सिर्फ सेवा पूजा हो रही है। ऐसे में अक्षय तृतीया को चरणों के दर्शन की परंपरा सिर्फ सेवा पूजा तक सीमित रहेगी। श्रीबांकेबिहारी मंदिर के प्रबंधक मुनीश कुमार शर्मा का कहना है कि आम भक्त चरणों के दर्शन नहीं कर सकेंगे। सेवायत परंपरानुसार ठाकुर जी की सेवा करेंगे।