वृंदावन (मथुरा)। अनलॉक में श्रीबांकेबिहारी के दर्शन खुलने के बाद अब भक्तों की भीड़ उमड़ने लगी है। शुरुआत में भले ही बाहर से आने वाले भक्तों की संख्या कम थी, लेकिन अब तो भक्त कोविड की बंदिशों को तोड़ते नजर आ रहे हैं। न दो गज दूरी का ख्याल है न मास्क की चिंता। पुलिस और मंदिर प्रबंधन के प्रबंध भी धराशायी हो रहे हैं।
श्रीबांकेबिहारी मंदिर को आम भक्तों के लिए खुले एक सप्ताह हो चुका है। इस समय अवधि के बाद वृंदावन में भक्तों की भीड़ बढ़ने लगी है। लोगों में अपने आराध्य के दर्शन की लालसा देखते ही बन रही है। बीते दिवस रविवार को वीकेंड लॉकडाउन होने के बावजूद बड़ी संख्या में लोग श्रीबांकेबिहारी मंदिर पहुंच गए। पुलिस ने उन्हें मंदिर क्षेत्र से हटाया।
सोमवार को भी कुछ हाल यही था। सोशल डिस्टेंसिंग की परवाह न करते हुए दर्शन के लिए श्रीबांकेबिहारी जी के भक्तों की लाइन नजर आई। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग बगैर मास्क के थे। मंदिर के गेट पर भी प्रवेश को लेकर आपाधापी नजर आई। सुबह के बाद शाम को भी दर्शन के दौरान भक्तों का यही हाल नजर आया।