वृंदावन (मथुरा)। भक्तों की गैर मौजूदगी में श्रीबांकेबिहारी मंदिर को जाने वाली गलियों का बुरा हाल है। कहीं ईंटों का ढेर है तो कहीं कूड़ा बिखरा हुआ है। हालत इस कदर खराब हैं कि स्थानीय लोगों का गलियों से गुजरना दुश्वार है। सबसे बुरी स्थिति गली नंबर चार की है। यहां पिछले एक पखवाड़े से सफाई ही नहीं हुई।
श्रीबांकेबिहारी मंदिर को जाने के लिए कई रास्ते हैं। कुछ समय पहले तक सबसे प्रमुख रास्ता गेट नंबर चार के लिए होता था। इस गली में निकलने वालों के लिए जगह नहीं होती थी। अब पिछले कुछ दिनों से इस गली का सबसे बुरा हाल है। चार और पांच नंबर गेट को जाने वाले रास्ते की गलियों की सफाई नहीं की जा रही है। चार नंबर गेट की गली में कोई सफाई कर्मचारी ही नहीं आता है।
यहां सीवर लाइन का काम चलने के कारण ईंट बिखरी हुई पड़ी हैं। निर्माण इकाई के ठेकेदार ने उन्हें उठाया भी नहीं है। इससे कूड़े के साथ ईंटों के ढेर से स्थानीय लोग परेशान हैं। श्रीबांकेबिहारी मंदिर को जाने वाली इस प्रमुख गली के निवासियों को पिछले काफी समय से गंदगी के बीच से गुजरना पड़ रहा है।
बुरा हाल है पूरी गली का। पिछले दस दिन से तो यहां सफाई कर्मचारी ही कोई नहीं आया है। कूड़ा गली में बिखरा हुआ पड़ा है। सीवर का काम भी अधूरा है। चूहे सड़ रहे हैं। इससे एक और महामारी फैसले का अंदेशा है।
- श्रीनाथ गोस्वामी, गली गेट नंबर चार
पिछले कई माह से सीवर का निर्माण चल रहा है, जो पूरा होने का नाम नहीं ले रहा है। अब तो यहां सफाई कर्मचारियों ने आना भी बंद कर दिया है। नालियों से दुर्गंध आ रही है। कई बार इस संदर्भ में नगर निगम के अधिकारियों से कहा गया है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है।
-अंकित गोस्वामी, गली गेट नंबर चार