मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लिए बरसाना को भगवा रंग में रंगा जा रहा है। जिस मंच से मुख्यमंत्री सभा को संबोधित करेंगे उसके आसपास की बिल्डिंगों पर भगवा रंग चढ़ा दिया गया है।
सरकारी अस्पताल की पुताई भी भगवा रंग से हुई है। रंगीली चौक जहां लठामार होली का मुख्य आयोजन होता है वहां भी मंगलवार को भगवा पेंट किया जा रहा था।
दीपावली अयोध्या में मनाने वाली सरकार होली मथुरा में मनाएगी। 23 फरवरी की शाम को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मथुरा पहुंच जाएंगे। 24 फरवरी को बरसाना में लठामार होली में शामिल होंगे।
रोड किनारे दीवार को भी भगवा रंग से रंगा जा रहा है
- फोटो : अमर उजाला
मुख्यमंत्री के लिए राधा बिहारी इंटर कालेज में मंच बनाया गया है। यहां दो मंच बने हैं। एक मंच पर मुख्यमंत्री रहेंगे जबकि दूसरे मंच पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा।
यहां दो हेलीपैड भी बनाए जा रहे हैं। खास बात यह है कि मुख्यमंत्री जहां सभा को संबोधित करेंगे उसके आसपास की तमाम बिल्डिंगों पर भगवा रंग चढ़ गया है। जहां तक भी सीएम की निगाह जाएगी भगवा रंग ही नजर आएगा।
सभा स्थल के पास में पशु चिकित्सालय है जिस पर भी भगवा रंग से ही पुताई कराई गई है। केवल दीवारों पर ही नहीं बल्कि दूर से दिखने वाली बाउंड्री भी भगवा हो गई है। आसपास के कई आश्रमों पर भी भगवा से मिला जुला रंग ही नजर आ रहा है।
अधिकारी भी बैठेंगे भगवा मंच पर
योगी आदित्यनाथ
- फोटो : अमर उजाला
बरसाना में लठामार होली का मुख्य आयोजन रंगीली गली में होता है। रंगीली चौक पर अधिकारियों के बैठने का भी एक मंच भी बना हुआ है। इस मंच पर भगवा रंग से पुताई का काम किया जा रहा है।
इस चौक के आसपास के कई मकान भी भगवा रंग में ही रंगे नजर आ रहे हैं। पीली पोखर पर जहां नंदगांव से आने वाले हुरियारे रुकेंगे और वहां मुख्यमंत्री झंडा पूजन करेंगे उसके आसपास भी भगवा नजर आएगा।