आगरा। पांचवें मंगलाानंद कप क्रिकेट टूर्नामेंट में बुधवार को मथुरा और सादाबाद की टीमों ने अपने प्रदर्शन से प्रभावित किया। प्रवीण कुमार क्रिकेट एकेडमी के मैदान पर खेले गए मुकाबलों में प्लेनम एकेडमी मथुरा और चौधरी रिंकू सिंह एकेडमी सादाबाद ने जीत दर्ज की।
पहला मुकाबला प्लेनम एकेडमी मथुरा और एसडब्ल्यूसीसी के बीच खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए प्लेनम एकेडमी ने आठ विकेट पर 160 रन बनाए। कवि ने 75 रन की शानदार पारी खेली। एसडब्ल्यूसीसी की ओर से श्लोक और हेमेंद्र ने तीन-तीन विकेट हासिल किए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी एसडब्ल्यूसीसी की टीम 102 रन पर सिमट गई। दिव्यांश अग्रवाल ने 76 रन बनाकर अकेले संघर्ष किया। प्लेनम एकेडमी के प्रियांशु चौधरी ने चार विकेट चटकाए। उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
दूसरे मुकाबले में चौधरी रिंकू सिंह एकेडमी सादाबाद ने एसडब्ल्यूसीसी को 79 रन से शिकस्त दी। पहले बल्लेबाजी करते हुए सादाबाद की टीम ने तीन विकेट पर 252 रन का विशाल स्कोर बनाया। वेदांश रावत ने 100 रन की तूफानी पारी खेली। पंकज सिंह ने 72 और ऋषि जुरैल ने नाबाद 53 रन बनाए। 253 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए एसडब्ल्यूसीसी की टीम नौ विकेट पर 173 रन ही बना सकी। दिव्यांश अग्रवाल ने लगातार दूसरे मुकाबले में शानदार बल्लेबाजी करते हुए 86 रन बनाए। सादाबाद की ओर से प्रतीक और शौर्य ने दो-दो विकेट लिए। शतकीय पारी खेलने वाले वेदांश रावत को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। संवाद