आगरा। अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में उतरने से पहले भारतीय लैक्रोस खिलाड़ियों ने आगरा में ही मैच का मिजाज परख लिया। शारदा वर्ल्ड स्कूल में चल रहे हाई-परफॉर्मेंस कैंप के चौथे दिन पुरुष और महिला खिलाड़ियों ने प्रैक्टिस मैच के जरिये अपनी रणनीति, टीम संयोजन और निर्णय क्षमता को आजमाया।
आगामी एशिया पैसिफिक सिक्सेस लैक्रोस चैंपियनशिप और ओलंपिक पाथवे को ध्यान में रखते हुए खिलाड़ियों की तैयारियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की जरूरतों के अनुरूप धार दी जा रही है। प्रशिक्षण सत्र में अटैकिंग कॉम्बिनेशन, डिफेंस, ट्रांजिशन, पासिंग, बॉल मूवमेंट, स्पेस क्रिएशन और टीम कोऑर्डिनेशन पर विशेष जोर रहा। प्रैक्टिस मैच में खिलाड़ियों ने वास्तविक मुकाबले जैसी परिस्थितियों में रणनीति को लागू किया और दबाव में निर्णय लेने की क्षमता को परखा।
ऑस्ट्रेलिया की अंतरराष्ट्रीय लैक्रोस कोच नताशा रूनी के मार्गदर्शन में खिलाड़ियों को आधुनिक तकनीक और रणनीति की बारीकियां सिखाई जा रही हैं। फिजियो मयंक शर्मा फिटनेस और रिकवरी पर काम कर रहे हैं। टीम कोच शकील खान, नीरज बत्रा और राजपाल खिलाड़ियों की तकनीकी व रणनीतिक को मजबूत कर रहे हैं। चौथे दिन लैक्रोस एसोसिएशन ऑफ उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष विनोद बंसल, राजेश शर्मा और लैक्रोस एसोसिएशन ऑफ इंडिया के सीओओ ललित वेटल ने प्रशिक्षण सत्र का अवलोकन किया। शारदा वर्ल्ड स्कूल के हेड ऑफ स्कूल सत्यकी बनर्जी ने भी खिलाड़ियों की तैयारियों का जायजा लिया।