आगरा में सिकंदरा के औद्योगिक क्षेत्र में सोमवार सुबह डिब्बे की फैक्टरी में आग लग गई। सूचना पर पहुंची चार दमकलों ने तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पुलिस का कहना है कि आग शॉर्ट सर्किट से लगी होगी। सामान जलने से लाखों का नुकसान हुआ है।
औद्योगिक क्षेत्र सिकंदरा साइट सी-11 में अनूप जिंदल और संदीप जैन की साईं पैकवेल के नाम से डिब्बे बनाने की फैक्टरी है। सोमवार की सुबह तकरीबन नौ बजे फैक्टरी में कर्मचारी काम के लिए आए थे। पुलिस को फैक्टरी मालिक ने बताया कि पावर का मेन स्विच ऑन करते ही शॉर्ट सर्किट हो गया।
शॉर्ट सर्किट से निकाली चिंगारी मशीन रूम में रखे कागज पर गिर गई और कागज ने आग पकड़ ली। कर्मचारियों ने अग्निशमन यंत्रों से आग बुझाने का काफी प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। सूचना पर सिकंदरा पुलिस और चार दमकल आ गईं।
फिरोजाबादः गत्ता फैक्टरी में लगी भीषण आग, आसपास बना अफरा-तफरी का माहौल
तकरीबन तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। फैक्टरी मालिक ने कागज, मशीनें और फैक्टरी की वायरिंग जलने से तकरीबन 22 लाख रुपये के नुकसान की बात कही है। थाना सिकंदरा के प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार ने बताया कि आग शॉर्ट सर्किट से लगने की बात कही गई है। लाखों का नुकसान बताया जा रहा है।