आगरा के थाना छत्ता क्षेत्र के जीवनी मंडी स्थित बीज-कीटनाशक के गोदाम में शनिवार रात आग लग गई। फायर ब्रिगेड की टीम ने करीब एक घंटे में आग पर काबू पाया। बरौली अहीर निवासी अरुण दीक्षित की न्यू मार्केट जीवनी मंडी में गणेश एग्रो एजेंसी के नाम से बीज, कीटनाशक दवाइयों और खेती में प्रयोग होने वाली स्प्रे मशीनों की दुकान है। दुकान के सामने प्लॉट में उनका गोदाम है, जिसमें कृषि सामग्री का स्टॉक रखा था।
शनिवार रात करीब 9:36 बजे पड़ोसी दुकानदार ने गोदाम से धुआं निकलने की फोन से सूचना दी। वह मौके पर पहुंचे और शटर खोला। तब तक आग ने विकराल रूप ले लिया था। दमकल की दो गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। अरुण ने बताया कि आग की चपेट में गोदाम में रखा अधिकांश सामान जल गया। थाना प्रभारी छत्ता ने बताया कि पुलिस और फायरब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पाया। आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हुआ है।