फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Agra: नेल पॉलिश फैक्टरी में भीषण आग, रिहायशी इलाके में मचा हड़कंप; लाखों का नुकसान

Fri, 01 May 2026 02:26 PM IST
Dhirendra Singh अमर उजाला न्यूज नेटवर्क, आगरा

सार

आगरा के बल्केश्वर क्षेत्र में नेल पॉलिश फैक्टरी में शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, घटना में लाखों रुपये का नुकसान हुआ।
विज्ञापन
fire demo - फोटो : istock
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

आगरा। बल्केश्वर क्षेत्र के खासपुर गांव में बृहस्पतिवार देर रात नेलपेंट रिमूवर बनाने की फैक्टरी में भीषण आग लग गई। भारी मात्रा में थिनर और अन्य केमिकल रखे होने से आग विकराल हो गई। सूचना पर पहुंची कमला नगर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम आठ घंटे की मेहनत के बाद आग की लपटों पर काबू पा सकी। इस दौरान लोगों की सांसें थमी रहीं। फैक्टरी रिहायशी क्षेत्र में संचालित हो रही थी। लोगों ने पूरी रात दहशत में गुजारी।
विज्ञापन


खासपुर गांव में प्लॉट नंबर 238 में कमला नगर निवासी गौरव गोयल की फ्रेंड कॉस्मेटिक्स के नाम से नेलपेंट रिमूवर बनाने की फैक्टरी है। एक मंजिल की फैक्टरी में भारी मात्रा में स्प्रिट और थिनर के साथ अन्य केमिकल रखे थे। बृहस्पतिवार रात 2 बजे फायर ब्रिगेड को आग लगने की सूचना मिली। केमिकल के डिब्बों में आग लगने से ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं।

संजय प्लेस फायर स्टेशन के अधिकारी सोमदत्त सोनकर ने बताया कि रिहायशी क्षेत्र में फैक्टरी होने के कारण आसपास के घरों तक आग पहुंचने का डर था। कुल आठ दमकलें लगानी पड़ी। अन्य फायर स्टेशन से भी दमकलें मंगाई गईं। फैक्टरी में छत से लेकर गोदाम तक हर जगह केमिकल रखा हुआ था। उनमें धमाके भी हो रहे थे। आग लगातार बढ़ती जा रही थी। स्थिति सामान्य होने में आठ घंटे लग गए। सुबह 10 बजे राहत कार्य समाप्त हुआ। गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई है। आग लगने का कारण प्रथम दृष्टया शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।
विज्ञापन


रजिस्ट्रेशन के दस्तावेज नहीं मिले
फायर स्टेशन अधिकारी ने बताया कि रिहायशी क्षेत्र में बिना फायर की अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) के फैक्टरी संचालित की जा रही थी। भारी मात्रा में केमिकल रखा हुआ था। फैक्टरी में आग बुझाने के इंतजाम नहीं थे। संचालक फैक्टरी के रजिस्ट्रेशन का कोई दस्तावेज नहीं दिखा सका है। उसे नोटिस दिया जाएगा।

हादसा होने पर ही आती है याद
गर्मी के मौसम में लगातार आग की घटनाएं सामने आ रही हैं। शहर में तमाम स्थानों पर इसी तरह बिना फायर की एनओसी के फैक्टरियां, रेस्तरां, होटल और अस्पताल संचालित हो रहे हैं। लोगों का आरोप है कि हादसा होने के बाद ही जिम्मेदार नोटिस देकर खानापूर्ति करते हैं। बीते दिनों हुई घटनाओं के बाद भी जिम्मेदारों ने सबक नहीं लिया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें