हरिपदी गंगा में विसर्जित हुईं शहीद की अस्थियां
पुलवामा आतंकी हमले में शहीद हुए धौलपुर के भागीरथ की अस्थियां शुक्रवार को तीर्थनगरी सोरों के हरिपदी कुंड में विसर्जित कराई गईं। इस दौरान हरिपदी के घाट भारत माता की जयकारों से गूंज उठे। शहीद भागीरथ की शहादत को नमन करने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी।
राजस्थान के धौलपुर के गांव जैतपुर निवासी 27 वर्षीय भागीरथ सिंह पुत्र परशुराम सीआरपीएफ में कांस्टेबल के पद पर कार्यरत थे। वो 12 फरवरी को छुट्टी के बाद वापस ड्यूटी पर गए थे, लेकिन 14 फरवरी को पुलवामा में सीआरपीएफ के काफिले पर आतंकी हमला हो गया। इसमें भागीरथ सहित 40 जवान शहीद हो गए थे।
भागीरथ के परिजन सोरों तीर्थ को विशेष महत्व देते हैं। भागीरथ की शहादत के बाद उनकी अस्थियां मोक्षदायिनी गंगा के हरिपदी घाट पर लाई गईं। यहां पुरोहित पहले ही अस्थि विसर्जन की तैयारी कर चुके थे। अस्थियां लेकर शहीद के छोटे भाई बलवीर अपने चचेरे भाई के साथ सोरों पहुंचे।