कासगंज। अमांपुर क्षेत्र के ग्राम महेशपुर में वर पक्ष की ओर से शादी से पहले अचानक कार की डिमांड कर देने से बात बिगड़ गई। इसके बाद दूल्हा ने बरात लाने से इंकार कर दिया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर दूल्हा सहित चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
ग्राम महेशपुर निवासी नेम सिंह ने अपनी बेटी की शादी दीपक पुत्र रघुवीर निवासी ग्राम दुथना पाली मुकीमपुर अलीगढ़ के साथ तय की। विवाह की तारीख 6 दिसंबर निर्धारित हो गई। शादी तय हो जाने के बाद वधू पक्ष ने अपनी शादी की तैयारियाें को तेज कर दिया। जब विवाह की घड़ी नजदीक आने लगी तो रस्मों का दौर शुरू हो गया और रिश्ते नातेदार जुटने लगे। इसी बीच शादी से एक दिन पहले 5 दिसंबर को दूल्हा ने फोन करके कार की डिमांड कर दी। कार की मांग पूरी न होने पर बरात लाने से इंकार कर दिया। बरात न आने की जानकारी मिलते ही घर में चल रही शादी की सारी तैयारियां धरी रह गईं। इसके बाद दुल्हन के पिता ने पुलिस को मामले की जानकारी देते हुए दूल्हा सहित चार लोगों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया।
दूल्हा पक्ष की ओर से कार की डिमांड की गई थी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। -गया प्रसाद कोतवाली प्रभारी अमांपुर