बच्चा न होने पर विवाहिता को किया जा रहा प्रताड़ित
- दो लाख रुपये मांग रहे ससुरालीजन, समझाने गए परिजन को बंधक बनाया
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। जनपद एटा स्थित ससुराल में एटा की रहने वाली विवाहिता को ससुरालीजन अतिरिक्त दहेज में दो लाख की मांग को लेकर प्रताड़ित कर रहे हैं। शादी के तीन साल बीतने के बाद भी बच्चा न होने पर ताना देते हैं। माता-पिता समझाने गए तो उन्हें बंधक बनाकर पीटा। तहरीर मिलने के बाद औंछा पुलिस ने ससुरालीजन के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच व कार्रवाई शुरू कर दी है।
थाना औंछा क्षेत्र के उददैतपुर परमकुटी निवासी रामरतन ने थाने में तहरीर दी। पुलिस को बताया कि तीन साल पहले पुत्री नीलम की शादी विजय सिंह निवासी नगला धारु जनपद एटा के साथ की है। शादी के तीन साल बीतने के बाद भी पुत्री को कोई बच्चा नहीं है। इसी बात को लेकर ससुरालीजन उसे प्रताड़ित करते हैं। आए दिन उसको मारा पीटा जाता है। अतिरिक्त दहेज में ससुरालीजन दो लाख रुपये की मांग कर रहे हैं। 30 अप्रैल 2024 को ससुरालीजन ने पुत्री की पिटाई की। जब वह पत्नी को साथ लेकर ससुरालीजन को समझाने गए तो उन्हें बंधक बना लिया और दो लाख रुपये की मांग की गई। पुत्री को भी उनके सामने पीटा गया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर विजय कुमार, सास, देवर बॉबी, कृष्णा, अजय और ससुर जोगराज के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने मामले में जांच पड़ताल शुरू कर दी है।