आग लगने की घटना के बाद फोर्स को दूसरे विद्यालय में ठहराया
-शनिवार को खाना बनाते समय हुई थी घटना, सहम गए थे स्कूली बच्चे
संवाद न्यूज एजेंसी
करहल। शनिवार को कस्बा के एक स्कूल में ठहरी फोर्स का खाना बनाते समय सिलिंडर में आग लगने से अफरा तफरी मच गई थी। स्कूल में मौजूद बच्चे भी इस घटना से सहम गए थे। आग लगने घटना के बाद फोर्स को दूसरे स्कूल में ठहराया गया है।
लोकसभा चुनाव में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए बाहरी फोर्स आने का सिलसिला जारी है। कस्बा के सेंट जोसफ स्कूल में भी बाहर से आई फोर्स के ठहरने की व्यवस्था की गई थी। शनिवार को जब विद्यालय में बच्चे अपने अपने कक्षाओं में पढ रहे थे। तभी फोर्स के लिए मैस में खाना बनाया जा रहा था। किसी तरह से गैस लीकेज हो गई और सिलिंडर ने आग पकड़ ली थी। इस घटना के बाद पुलिसकर्मियों ने जलते सिलिंडर को परिसर में फेंक दिया था। जिसके चलते स्कूल में मौजूद छात्र सहम गए थे। बाद में अग्निशमन यंत्रों की मदद से आग को बुझा दिया गया था। सीओ करहल ने भी घटनास्थल पहुंच कर जानकारी जुटाई थी। इस घटना के बाद सेंट जोसफ से फोर्स को हटा कर जैन इंटर कॉलेज में ठहराया गया है।