झूठ बोल कर विवाहित महिला से करा दी दूसरी शादी
-कस्बा घिरोर के रहने वाले युवक ने दर्ज कराया मुकदमा
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। मेट्रोमोनियल साइट पर विवाहित महिला को अविवाहित दिखाकर प्रोफाइल बनाई गई। झूठ बोलकर कस्बा घिरोर के रहने वाले युवक से शादी करा दी गई। जानकारी होने के बाद पीड़ित ने न्यायालय के आदेश पर धोखाधड़ी करने वालों पर मुकदमा दर्ज कराया है।
कस्बा घिरोर के रहने वाले मोहित कुमार का पहली पत्नी से तलाक हो चुका था। उन्होंने दूसरी शादी के लिए एक मेट्रोमोनियल साइट पर अपनी प्रोफाइल बनाई थी। इस बीच शाहजहांपुर जलालाबाद की रहने वाली रिंकी गुप्ता के परिजन ने उनसे शादी की बात चलाई। शादी के कुछ समय बाद ही जब रिंकी में बदलाव होता दिखा तब मोहित ने ध्यान दिया तो वह अक्सर फोन पर बातें करती रहती थी। इस बात पर विवाद के बाद रिंकी अपने मायके चली गई। जब वह बुलाने के लिए गया तो धमका कर लौटा दिया गया। इस बीच मोहित को पता चला कि पत्नी पहले से विवाहित है और पति से मुकदमा भी चल रहा है। जब उसने विरोध किया तो पिटाई भी की गई। थाने में सुनवाई न होने के बाद पीड़ित ने न्यायालय में प्रार्थना पत्र दिया था। न्यायालय के आदेश पर सरोज, प्रियंका, राहुल और रिंकी गुप्ता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। कोर्ट के आदेश पर मुकदमा लिखने के बाद पुलिस ने गहनता के साथ जांच व कार्रवाई शुरू कर दी है।