बिछवां में विवाहिता की मौत के बाद पोस्टमार्टम हाउस पर मौजूद परिजन
- फोटो : MAINPURI
बिछवां(मैनपुरी)। गांव रामनगर बलारपुर में शनिवार की शाम एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। जानकारी मिलने के बाद पहुंचे मायके पक्ष के लोगों ने हत्या करने का आरोप लगाया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
जनपद फर्रुखाबाद के गांव नगला थला निवासी नवाब सिंह ने 32 वर्षीय पुत्री यादवती की शादी वर्ष 2016 में थाना क्षेत्र के गांव रामनगर बलारपुर निवासी सुबोध कुमार के साथ की थी। विवाहिता की संदिग्ध परिस्थिति में शनिवार को मौत हो गई। जानकारी मिलने के बाद देर शाम मायके पक्ष के लोग रामनगर पहुंचे, सूचना मिलने के बाद थाना पुलिस भी मौके पर आ गई। मृतका के भाई तुलाराम ने बताया कि ससुरालीजन अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर काफी समय से बहन को प्रताड़ित करते आ रहे थे। ससुरालीजनों ने ही बहन की हत्या की है। वह लोग शव को जलाने के लिए ले जा रहे थे लेकिन गांव के लोगों ने उन्हें रोक लिया। तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।