फतेहाबादफोटो।फाइल फोटो भारती,स्रोत परिजन
फतेहाबाद। थाना क्षेत्र के गांव गंगोरा में सोमवार सुबह संदिग्ध हालात में विवाहिता की मौत हो गई। मायके पक्ष ने पति पर नशे में पिटाई करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना फतेहाबाद क्षेत्र के गांव गंगोरा निवासी भारती (25) पत्नी अवधेश की सोमवार सुबह तबीयत बिगड़ गई। परिजन उसे उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। भारती ने तीन माह पूर्व पुत्र हिमांशु को जन्म दिया था। शनिवार को वह परिवार के साथ राजस्थान क्षेत्र में बेटे का मुंडन कराने भी गई थी। मृतका अपने पीछे पुत्र दिव्यांश ( 3) और पुत्र हिमांशु तीन माह को अपने छोड़ गई है। घटना की जानकारी मिलने पर मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंच गए। मृतका के पिता रामेश्वर निवासी नरीपुरा, भीमनगर गली नंबर-1, थाना शाहगंज, आगरा ने बताया कि वर्ष 2020 में बेटी की शादी अवधेश के साथ की थी। आरोप है कि अवधेश शराब पीकर अक्सर उनकी बेटी के साथ मारपीट और गाली-गलौज करता था। रविवार को भी पड़ोसियों ने फोन कर बेटी की पिटाई किए जाने की सूचना दी थी। पिता का कहना है कि उनकी बेटी के गले पर निशान दिखाई दे रहे हैं, जिससे उन्हें आशंका है कि उसे मारा गया है। प्रभारी निरीक्षक फतेहाबाद ने बताया कि महिला ने तीन माह पूर्व बच्चे को जन्म दिया था। बताया जा रहा है कि तभी से उसकी तबीयत ठीक नहीं रहती थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण पता चल पाएगा।
बदलाव:
मां को ढूंढता रहा दिव्यांशु, नम हो गईं सभी की आंखें
गांव गंगोरा में विवाहिता की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। इस घटना ने दो मासूम बच्चों के सिर से मां का साया छीन लिया। बच्चों को अभी यह भी नहीं पता कि उनकी मां अब कभी वापस नहीं आएगी। मृतका का तीन वर्षीय बेटा दिव्यांशु अपनी मां के पास जाने की जिद करता रहा और बार-बार उससे लिपटने की कोशिश करता रहा। मासूम की यह हालत देखकर वहां मौजूद परिजन और ग्रामीणों की आंखें नम हो गईं। हर कोई बच्चे को समझाने का प्रयास करता रहा, लेकिन वह अपनी मां को ही ढूंढता रहा।