करहल (मैनपुरी)। गांव निनौली की रहने वाली एक महिला की शनिवार को संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। ससुरालीजन खुदकुशी की बात कह रहे थे। वहीं पिता ने अनहोनी की आशंका के चलते पुलिस को फोन कर जानकारी दी। दोनों पक्ष की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम कराया गया। प्रभारी निरीक्षक का कहना है कि अभी कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है।
थाना क्षेत्र के गांव निनौली निवासी राहुल कश्यप की शादी करीब 8 वर्ष पूर्व जनपद फर्रुखाबाद के गांव सादिकपुर निवासी जशोदा (30) के साथ हुई थी। शनिवार को जशोदा की संदिग्ध परिस्थिति में मौत की सूचना मिलने के बाद पुलिस गांव निनौली पहुंची। पूछताछ करने के दौरान मृतका के पिता ने अनहोनी की आशंका व्यक्त करते हुए शव का पोस्टमार्टम कराने की मांग की। वहीं ससुराल पक्ष के लोग खुदकुशी किए जाने की बात कह रहे थे। शनिवार को करहल पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट खुदकुशी की पुष्टि नहीं कर रही है। हालांकि अभी तक इस संबंध में पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी गई है। जानकारी यह भी मिली है कि दोनों पक्षों के बीच समझौता भी कराया जा चुका है। इंस्पेक्टर करहल ललित भाटी का कहना है कि उन्हें तो मृतका के पिता की सूचना पर पोस्टमार्टम कराया है। अभी तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। यदि तहरीर मिलेगी तो आगे की कार्रवाई की जाएगी।