सिढ़पुरा के ग्राम उतरना में डीजे बजाने को लेकर हुए विवाद के बाद पुलिस की मौजूदगी में अनुसूचित जाति की युवती का विवाह हुआ। पुलिस की मौजूदगी में ही युवती की विदाई हुई। राम प्रकाश अहेरिया निवासी उतरना की बेटी की बरात शुक्रवार रात को हाथरस जिले के सिंकदराराऊ तुआ नगला से पहुंची। बरात को गांव के बाहर ठहराया गया।
तभी दूसरी जाति के कुछ युवक वहां पहुंच गए और डीजे बजाने के लिए दबाव बनाने लगे। युवकों ने मारपीट भी कर दी। जब इस बात की जानकारी वधू पक्ष को हुई तो सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस को अनुसूचित जाति के बरातियों के साथ लूटपाट की सूचना दी गई। इस पर पुलिस हरकत में आ गई। पुलिस ने गांव में पहुंचकर वर पक्ष के लोगों से बातचीत की।
बातचीत में मामला डीजे के विवाद का निकला। इसके बाद पुलिस ने अपनी मौजूदगी में बरात गांव में चढ़वाई और इसके बाद विवाह की रस्म कराई गईं। साथ ही वधू की विदाई भी पुलिस की मौजूदगी में हुई। थाना प्रभारी ने बताया कि डीजे बजाने को लेकर विवाद हो गया था। बरात के साथ लूटपाट या बरात को न चढ़ने देने जैसा कोई मामला नहीं था। पुलिस ने अपनी मौजूदगी में विवाह की रस्म संपन्न कराई। इस मामले में पुलिस को कोई तहरीर नही दी गई है।