मैनपुरी। रक्षाबंधन के चलते वीकेंड लॉकडाउन के दौरान रविवार को मिठाई और राखी की दुकानें खोलने की अनुमति जिला प्रशासन ने दे दी है। जिलाधिकारी ने दुकानदारों को नियमानुसार दुकानें खोलने के निर्देश दिए हैं।
शनिवार और रविवार को वीकेंड लॉकडाउन के चलते पूरा बाजार बंद रहता है। ऐसे में व्यापारियों को रक्षाबंधन के त्योहार पर नुकसान की चिंता सता रही थी। इसे देखते हुए जिलाधिकारी महेंद्र बहादुर सिंह ने दो अगस्त को मिठाई और राखी की दुकानें खोलने की अनुमति दे दी है। उन्होंने बताया कि सुबह 11 बजे से लेकर शाम छह बजे तक ये दुकानें खुली रहेंगी।
हालांकि नियमों में कोई भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने साफ कहा कि दुकान के बाहर बैरीकेडिंग होने के साथ ही मास्क का प्रयोग भी अनिवार्य है। अगर कहीं भी नियमों का उल्लंघन होते मिला तो कार्रवाई की जाएगी।