कासगंज। तीर्थनगरी सोरोंजी में 20 दिसंबर को शुरू होने वाले मार्गशीर्ष मेला इस बार और अधिक भव्यता के साथ आयोजित किया जाएगा। मेले के दौरान विभिन्न धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए शासन स्तर बीते माह करीब 20 लाख रुपये स्वीकृत किए जा चुके हैं। इस संंबंध में जिलाधिकारी सुधा वर्मा पांच दिसंबर को आयोजन समिति के साथ बैठक करेंगी। इस दौरान मेले को भव्यता प्रदान करने वाले कार्यक्रमों पर अंतिम मुहर लगाने पर निर्णय होगा।तीर्थनगरी का मार्गशीर्ष मेला प्रदेश के राजकीय श्रेणी का मेला है। प्रदेश सरकार ने तीन वर्ष पूर्व इसे राजकीय मेले की मान्यता दी थी। मार्गशीर्ष माह में पड़ने वाले स्नान पर्वों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर गंगास्नान करते हैं और मार्गशीर्ष मेले का लुत्फ उठाते हैं। मेले के दौरान सर्कस, झूले, मीना बाजार, खेल खिलौनों, पत्थर, लकड़ी आदि जरूरत के सामानों की दुकानें लगती हैं। मेले में नारंगी बेचने के लिए बाहर से लोग आते हैं। मेला अवधि के दौरान हरि की पौड़ी की साज-सज्जा सतरंगी रोशनी से की जाती है। इसके अलावा सांस्कृतिक आयोजन भी होते हैं। इस बार चूंकि शासन के द्वारा धन स्वीकृत किया गया है तो आयोजन को विस्तार दिया जाएगा। 5 दिसंबर को जिलाधिकारी सुधा वर्मा कलेक्ट्रेट में बैठक करके व्यवस्थाओं पर मंथन करेंगी।
वर्जन-
- मार्गशीर्ष मेले को भव्यता के साथ आयोजित किया जाएगा। तैयारियों के संबंध में 5 दिसंबर को बैठक होगी। जिसमें महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाएंगे।- सुधा वर्मा, जिलाधिकारी।