मैनपुरी। थाना बरनाहल के नगला धनसिंह गांव में चकरोड निर्माण के विवाद में शनिवार को भाजपा के मंडल अध्यक्ष और प्रधान प्रतिनिधि तथा दूसरे पक्ष के बीच जमकर मारपीट हुई। इस संघर्ष में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हो गए। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
भाजपा मंडल अध्यक्ष की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है, जबकि दूसरे पक्ष ने भी पुलिस को तहरीर देकर अपनी शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। ग्राम पंचायत मुगलपुर के प्रतिनिधि और भाजपा मंडल अध्यक्ष ने पुलिस को बताया कि शनिवार सुबह 6:30 बजे, जब वे ग्राम नगला धनसिंह में चकमार्ग पर मिट्टी डलवा रहे थे, तभी उनके भाई अनुराग भी वहां पहुंच गए।
इसी दौरान, मोनू पुत्र प्रेमबाबू दुबे, आमोद पुत्र हरिशंकर, गौरव पुत्र हरिशंकर, हरिशंकर पुत्र मुरलीधर निवासीगण नगला धनसिंह, और सचिन पुत्र गुड्डू निवासी ग्राम कमलपुर, करहल वहां आए। इन लोगों ने लोहे की रॉड, फावड़े, लाठी-डंडों से उन पर हमला कर दिया। मंडल अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि मोनू के हाथ में तमंचा था, जिससे उस पर जानलेवा हमला किया गया।
जब उनका भाई अनुराग बचाने आया, तो उसे भी बुरी तरह मारा-पीटा गया, जिससे वे दोनों घायल हो गए। हमलावरों ने उनका मोबाइल भी तोड़कर फेंक दिया। थाना प्रभारी संतोष कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर उपरोक्त पांचों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
दूसरे पक्ष के आरोप और उनका बयान
दूसरी ओर, हरिशंकर पक्ष के भी चार लोग घायल हुए हैं। उनका आरोप है कि भाजपा मंडल अध्यक्ष बाहर के कुछ लोगों को लेकर आए और जबरन मिट्टी खुदवाने लगे, जबकि इस मामले में एडीएम कोर्ट में मामला विचाराधीन है। इस संबंध में हरिशंकर पक्ष की ओर से भी पुलिस को तहरीर दी गई है। पुलिस अब दोनों पक्षों की शिकायतों की जांच कर रही है ताकि सच्चाई का पता लगाया जा सके।