मंडलायुक्त रितु माहेश्वरी ने मंदिर कॉरिडोर का किया निरीक्षण।
- फोटो : अमर उजाला
आगरा के मन:कामेश्वर मंदिर पर 3.54 करोड़ रुपये से तैयार किए जा रहे कॉरिडोर का मंगलवार को मंडलायुक्त रितु माहेश्वरी ने निरीक्षण किया। नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने पार्षदों के साथ उन्हें कॉरिडोर के काम बताए। मंडलायुक्त ने मंदिर में अर्पित किए गए फूलों से खाद बनाने के निर्देश दिए हैं, वहीं दरेसी तिराहे पर लगने वाले डमरू और आसपास के सौंदर्यीकरण के काम को भी देखा।
नगर आयुक्त ने मंडलायुक्त रितु माहेश्वरी को बताया कि श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए मन:कामेश्वर मंदिर पर कॉरिडोर बनाया जा रहा है। यहां हवा में लटके व झूलते विद्युत तार नजर नहीं आएंगे। इन्हें भूमिगत किया जाएगा और नालियां ढकी जाएंगी। पूरे मार्ग पर शेल्टर लगाया जाएगा। भव्य गेट और दरेसी तिराहे पर डमरू लगाया जाएगा। मंडलायुक्त ने महिला-पुरुष शौचालय बनाने के लिए जगह चिह्नित करने और मंदिर में अर्पित फूलों से खाद बनाने के निर्देश दिए।
बस शेल्टरों पर लगाएं रूट व टाइम डिस्प्ले
मंडलायुक्त रितु माहेश्वरी ने मंदिर के बाद फतेहाबाद रोड स्थित बाबू जगजीवन राम चौराहा और ताज व्यू चौराहे पर ई-बस शेल्टर देखा। उन्होंने एमजी रोड और फतेहाबाद रोड पर बने 13 शेल्टरों पर रूट और टाइम डिस्प्ले को हिंदी और अंग्रेजी भाषाओं में लगाने के निर्देश दिए। मंडलायुक्त ने ताज पूर्वी गेट पर बने सार्वजनिक सुलभ शौचालय का निरीक्षण किया। उन्होंने शौचालय का प्रयोग करने वाले एवं स्टाफ की उपस्थिति से संबंधित रजिस्टर की जाँच की। निगम के पुराने शौचालय की दीवार के जीर्णोद्धार और रखरखाव के निर्देश दिए।
रोशन नगर में सफाई की शिकायत
मंडलायुक्त ने ताजगंज के रोशन नगर का निरीक्षण किया, जहां लोगों ने सफाई न होने, पार्क में अवैध कब्जे, सड़कें टूटी होने की समस्याएं रखीं। उन्होंने सफाई के लिए सुपरवाइजर की जिम्मेदारी तय करने तथा समुचित सफाई न होने पर संबंधित सफाई निरीक्षक एवं सुपरवाइजर को चेतावनी जारी करने के निर्देश दिए। बाग फरजाना, दिल्ली गेट और शास्त्रीपुरम में निरीक्षण कर सफाई की सच्चाई जानी। बाग फरजाना में नालियों की सफाई न होने की शिकायत की गई। शास्त्रीपुरम में सफाई से लोग संतुष्ट थे, पर आरएफआईडी टैग नहीं लगने की जानकारी दी।
टॉयलेट न बनें तो ब्लैक लिस्ट करें संस्था
मंडलायुक्त रितु माहेश्वरी ने हरीपर्वत चौराहा और स्पीड कलर लैब के पास बन रहे सुलभ शौचालय का निरीक्षण किया। उन्होंने सभी शौचालयों में फीडबैक मशीन व क्यूआर कोड लगाने के निर्देश दिये। नगर आयुक्त ने बताया कि शहर में 40 शौचालयों का निर्माण किया जा रहा है। इनमें 11 सुलभ इंटरनेशनल बना रहा है। 7 चालू हो चुके हैं, जबकि 4 बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि एक माह में निर्माणाधीन शौचालयों का काम पूरा कराया जाए। उसके बाद संस्था को ब्लैक लिस्ट कर दिया जाए। निरीक्षण में नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल, पार्षद रवि माथुर, अपर नगर आयुक्त सुरेंद्र प्रसाद यादव आदि मौजूद रहे।