भोगांव। तहसील क्षेत्र के गांव दिबन्नपुर में ग्रामीणों ने प्रधान पर मंदिर की जमीन पर पंचायत भवन बनवाने का आरोप लगाया है। साथ ही इसे रुकवाने की मांग की है।
ग्रामीणों के अनुसार राजस्व अभिलेखों में एक जमीन मंदिर धर्मशाला के नाम दर्ज है। यहां भगवान शिव एवं हनुमान मूर्ति की स्थापित हैं। मंदिर की देखरेख के लिए एक कमरा भी है। इस कमरे में संत आलोकानंद रहते थे। मंदिर के नाम सरकारी अभिलेखों में दर्ज जमीन पर प्रधान पंचायत भवन और शौचालय का निर्माण करवा रहे हैं। ग्रामीणों ने इस संबंध में संपूर्ण समाधान दिवस और आबकारी मंत्री से शिकायत की है। इस संबंध में न्यायालय की ओर से निर्माण कार्य रुकवाने के लिए स्थगन आदेश दिया गया।
गांव के गिरजा शंकर दुबे, रमाकांत, अतर सिंह, राधेलाल, रामशंकर, रामदयाल, उमेश मिश्रा, दिनेश मिश्रा, प्रभुदयाल, रामेश्वर दयाल, मुंशीलाल, हरिओम मिश्रा, अंकुर मिश्रा, मेघनाथ ने निर्माण कार्य रुकवाने की मांग की है। तहसीलदार अजीत कुमार ने बताया कि ग्रामीणों ने शिकायत की थी, जांच कराकर शीघ्र ही कार्रवाई की जाएगी। ग्राम प्रधान गिरीश लोधी ने बताया कि जहां पंचायत घर का निर्माण हो रहा है। वह मंदिर की जमीन नहीं है। सोची समझी साजिश के तहत झूठी शिकायतें की जा रही हैं।