सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजूकेशन (सीबीएसई) ने 12वीं का परीक्षा परिणाम शनिवार को जारी किया। आगरा जिले में 97.6 फीसदी अंक हासिल कर जॉन मिल्टन स्कूल की छात्रा मानसी अग्रवाल ने जिले में टॉप किया है।
दूसरे स्थान पर 97.4 फीसदी अंकों के साथ सरस्वती विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल के अमित जिंदल और शिवालिक स्कूल के दक्ष सिंह काबिज हुए हैं।
तीसरे स्थान पर सेंट एंड्रूज स्कूल, बरौली अहीर के दिव्यांश गुप्ता हैं। इन्होंने 97.2 फीसदी अंक हासिल किए हैं। रिजल्ट के बाद स्टूडेंट्स खुशी से झूम उठे।
टॉपर को लेकर असमंजस की स्थिति रही
सीबीएसई 12वीं की परीक्षा में जिले में 10,878 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। जिले के उत्तीर्ण परीक्षार्थियों का प्रतिशत इस बार बोर्ड के क्षेत्रीय कार्यालय, इलाहाबाद की ओर से जारी नहीं किया जा सका।
जिले में स्कूलों का व्यक्तिगत परीक्षा परिणाम अच्छा रहा है। कई स्कूलों ने 100 फीसदी परीक्षा परिणाम दिया है। वहीं बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों ने 90 फीसदी से अधिक अंक हासिल किए हैं।
परीक्षा परिणाम जारी होने के बाद स्कूल प्रशासन ने आपस में बातचीत करके एक-दूसरे का परीक्षा परिणाम पता किया। पहले पता चला कि सेंट एंड्रूज स्कूल के दिव्यांश गुप्ता ने 98.2 फीसदी अंक हासिल किए हैं।
मार्कशीट देखने के बाद पता चला कि उनका वैकल्पिक विषय पेंटिंग का प्राप्तांक (100 अंक) को मिलाकर 98.2 फीसदी हो रहे हैं। बोर्ड का नियम मुख्य पांच विषयों को शामिल करने का है।
इस तरह से दिव्यांश का प्राप्तांक 97.2 फीसदी हो रहे हैं। बोर्ड ने भी टॉपर्स की जो सूची जारी की है, उसमें मुख्य पांच विषयों को शामिल किया है। वैकल्पिक विषयों को शामिल नहीं किया है।
सीबीएसई के शहर समन्वयक रामानंद चौहान का भी कहना है कि सीबीएसई ने मुख्य पांच विषयों (अंग्रेजी को शामिल करते हुए) के आधार पर उत्तीर्ण का प्रतिशत निकाला है। वैकल्पिक विषय को नहीं जोड़ा गया है।